दामोदर स्वरूप पार्क में घंटों रहे तनातनी के हालात, जिलाध्यक्ष समेत 11 नामजद, बाकी अज्ञात
नौमहला मस्जिद के बाहर भड़काऊ भाषण देने के मामले में घिरे मौलाना तौकीर रजा खान
बरेली। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शुक्रवार को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन ने निषेधाज्ञा तोड़कर प्रदर्शन किया। उधर, इमामों के संगठन ने भी कानून के साथ ही मदीना मस्जिद के इमाम की गिरफ्तारी के खिलाफ धरना दिया। इसमें मौलाना तौकीर रजा ने भी शिरकत की। धरना-प्रदर्शन के चलते कई घंटे तक दामोदर स्वरूप पार्क इलाके में तनातनी के हालात बने रहे। बाद में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन और हंगामा करने पर 161 लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के जिलाध्यक्ष समेत 11 पदाधिकारियों को नामजद किया गया है। बाकी 150 लोगों को अज्ञात दिखाया गया है। वीडियो और फोटो देखकर अज्ञात लोगों के नाम-पते की जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, रंगमहला मंदिर के बाहर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में एआईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां घिर गए हैं।
चौकी चौराहा प्रभारी वेदपाल सिंह की ओर से निषेधाज्ञा उल्लंघन के आरोप में धारा 188 के तहत दर्ज कराई गई रिपोर्ट में एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष मोहम्मद असलम, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष इरफान के अलावा तबरेज, कलीमुद्दीन, नईम, इमरान बरकाती, फईम अख्तर, आमिर, आरफीन, राशिद मरकजी और हसन कादरी को नामजद किया गया है। इनके साथ डेढ़ सौ लोगों को अज्ञात दिखाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद इन सभी ने सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में इकट्ठे होकर प्रदर्शन किया। पुलिस के पास इसके प्रमाण मौजूद हैं। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि वीडियो की मदद से अज्ञात लोगों को चिह्नत किया जाएगा।