बरेली। सोशल मीडिया पर एडिट फोटो डालकर बदनाम करने के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अब और तेज होगी। फरहत नकवी ने दर्ज कराए गए मामले में सीओ टू दफ्तर में अपने बयान दर्ज कराए। उन्होंने सीओ टू से सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजने की मांग की ताकि दूसरी महिलाएं और लड़कियां इस तरह की घटना का शिकार न हों।
कुछ दिन पहले फरहत नकवी ने सीओ टू सीमा यादव से शिकायत की थी कि उनके नंबर पर लगातार कॉल आ रही हैं। ऑडियो और वीडियो कॉल में लोग गलत बात कर रहे हैं। पता लगा कि कई व्हाट्सएप ग्रुपों पर उनका एडिट फोटो उनके नंबर, भद्दे कमेंट्स के साथ डाल दिया। सीओ ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनके आईटी एक्ट के पुराने मामले में नए नामों को शामिल कर लिया जाएगा। प्रभावी कार्रवाई न होती देख फरहत ने केबिनेट मंत्री चेतन चौहान के जरिये पैरवी कराकर एडीजी से मुलाकात की। एडीजी के निर्देश पर किला इंस्पेक्टर रहे डीसी शर्मा ने 11 लोगों व दो मोबाइल नंबरों समेत 13 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसी सिलसिले में फरहत ने सोमवार को सीओ टू सीमा यादव के कार्यालय में अपने बयान दर्ज कराए।
आज लखनऊ जाएंगी फरहत
तलाक पीड़िताओं व अन्य तरह के उत्पीड़न की शिकार महिलाओं के लिए लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को बड़ा कार्यक्रम हो रहा है। इसमें सीएम योगी भी शिरकत करेंगे। मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी पांच पीड़ित महिलाओं को लेकर मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे कार्यक्रम में शिरकत करने जाएंगी।