बरेली। जिले में अब तक अपने ढंग से काम कर रही नौकरशाही पर जिले के नए प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा का पहला दौरा काफी भारी गुजरा। मीडिया और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लेने के बाद तल्ख दिख रहे प्रभारी मंत्री ने विकास भवन के सीडीओ क क्ष में सभी अफसरों को तलब कर उनकी जमकर क्लास ली। उन्होंने खुले तौर पर कहा कि दो दिन के दौरे में उन्हें प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, एफएसडीए, बीडीए और नगर निगम जैसे प्रमुख विभागों के खिलाफ तमाम शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए एक महीने का समय दे रहे हैं। अगर सुधार नहीं हुआ तो अफसर परिणाम भुगतने को तैयार रहें।
प्रभारी मंत्री के तेवर दूसरे दिन भी काफी तल्ख रहे। इस बीच जब भी जनता से मिलने का मौका आया, तब अफसरों की कार्यप्रणाली के खिलाफ शिकायतों की झड़ी लग गई। कई विभागों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए। इसके बाद अफसरों की बैठक में उन्होंने कहा कि उन्हें जैसा फीडबैक मिला है, उससे साफ जाहिर है कि जिले के हालात ठीक नहीं हैं। जनप्रतिनिधि हों या अफसर सभी जनता के प्रति जवाबदेह हैं। अफसर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और मनमानी ज्यादा दिन नहीं चल पाएगा। ऐसे लोगों को लगातार चिह्नित किया जा रहा है।
नगर आयुक्त को चेताया- कालीबाड़ी याद रखना
प्रभारी मंत्री ने इस बैठक में खासतौर पर नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. से मुखातिब होकर कहा कि कालीबाड़ी क्षेत्र में उनके भ्रमण के दौरान स्थिति काफी खराब मिली है। इसी महीने वह फिर बरेली आ रहे हैं। सफाई समेत सभी व्यवस्था का पूरा रोड मैप तैयार मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष अपने प्लान के साथ अगली बैठक में उपस्थित रहें। बैठक में डीएम, एसएसपी, सीडीओ, चीफ इंजीनियर आदि अफसर मौजूद रहे।