बरेली। विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए कई प्रदेशों की पुलिस और अर्द्धसैन्य बल के 30 हजार से ज्यादा जवान बरेली पहुंच गए हैं। शनिवार को पुलिस लाइन में डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण उन्हें दिशानिर्देश दिए। वहीं, नेपाल और उत्तराखंड बॉर्डर पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है।
द्वितीय चरण में बरेली में 14 फरवरी को मतदान होगा। इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। चुनाव कराने के लिए उड़ीसा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, झारखंड समेत कई प्रदेशों से पुलिस और अर्द्ध सैन्यबल के 30 हजार से ज्यादा जवान यहां पहुंचे हैं। डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर उन्हें कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
हिदायत दी गई कि मतदान केंद्र के दो सौ मीटर के दायरे में किसी भी चुनावी दल का बिस्तर न पड़े। नेपाल और उत्तराखंड बॉर्डर पर निगरानी कड़ी करने और सभी बैरियर पर सख्ती से चेकिंग के निर्देश दिए गए। बताया गया कि किसी प्रत्याशी या नेता का खाना न लें और मतदान केंद्रों में मोबाइल, माचिस लाइटर आदि लेकर कोई प्रवेश न कर सके।
ब्रीफिंग के बाद सभी पुलिसकर्मी वाहनों में सवार होकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी रवींद्र कुमार, एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में रहेंगी ईवीएम : मतदान के बाद सभी ईवीएम परसाखेड़ा बीज भंडारण निगम के गोदाम में जमा की जाएंगी। इनकी निगरानी केंद्रीय सुरक्षा बलों के जिम्मे रहेगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर छतों पर भी पुलिस तैनात रहेगी।