स्मैक तस्करी के मामले में बारादरी पुलिस ने किया है गिरफ्तार, नेटवर्क की होगी पड़ताल
बरेली। स्मैक तस्करी में पकड़े गए फतेहगंज पश्चिमी के रिफाकत को कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस उसके नेटवर्क का पता लगाएगी। इसके लिए सोमवार को बारादरी पुलिस की ओर से कोर्ट में अर्जी दाखिल करने की तैयारी है।
शनिवार को बारादरी पुलिस ने 15 हजार के इनामी स्मैक तस्कर रिफाकत को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। उसके कब्जे से 254 ग्राम स्मैक मिली थी। पूछताछ में उसने कस्बे के ही तस्कर उस्मान के बेटे फैजान उर्फ राजा बाबू, बाबू गौरा उर्फ अंसार और शान खान के नाम कबूले थे। बताया था कि यही लोग इस धंधे में माल बनाने से लेकर सप्लाई करने तक उसकी मदद करते हैं। मगर रिफाकत से अब भी तमाम जानकारियां सामने आनी बाकी हैं, जिसके चलते पुलिस उसे रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी लगाएगी।
पुलिस में पैठ रखता है शान खान
रिफाकत की गिरफ्तारी के बाद अब शान खान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। बताया जाता है कि उसका एक रिश्तेदार पुलिस के लिए मुखबिरी करता है। उसके जरिये ही उसने भी पुलिस में पैठ बना रखी है।
फाइक एन्क्लेव का एक मकान है ठिकाना
बताया जाता है कि फतेहगंज पश्चिमी और आसपास के कुछ स्मैक तस्करों ने फाइक एन्क्लेव के मकान को अपना ठिकाना बना रखा है। इस मकान पर बाहर से हमेशा ताला लगा रहता है और लोग आते-जाते रहते हैं। पुलिस इस मकान के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।