बरेली में पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को सौ फुटा रोड पर सिंह ट्रेडर्स पर छापा मारा। यहां से 1000 किलो पटाखे बरामद किए गए।
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सौफुटा रोड से भले ही थोक आतिशबाजी दुकानें हटा दी गईं लेकिन यहां आतिशबाजी की बिक्री और भंडारण पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है। बुधवार को पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सिंह ट्रेडर्स पर छापा मारकर 1000 किलो पटाखे बरामद किए।
विज्ञापन
दीपावली नजदीक आते सौफुटा रोड पर घनी आबादी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बीच चोरी छुपे आतिशबाजी की बिक्री शुरू हो गई है। बुधवार को इज्जतनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि सौ फुटा रोड पर घनी आबादी के बीच सिंह ट्रेडर्स पर पटाखों का भंडारण किया गया है। यहीं से लोगों को पटाखों की बिक्री की जा रही है। सूचना पर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। जानकारी दी तो प्रशासन व अग्निशमन विभाग की टीम भी आ गई।
इज्जतनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से करीब 1000 किलो पटाखे मिले। तीन घंटे तक पुलिस की टीम ने निरीक्षण व जब्तीकरण की कार्रवाई की। बरामद पटाखों को सील किया गया, उन्हें गाड़ी में भरकर थाने भेजा गया। सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आबादी में पटाखों का अवैध भंडारण रोकने के लिए पहले से अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल सिंह ट्रेडर्स फर्म पर मिले पटाखों का जब्तीकरण किया गया है।