फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझाई आग
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब चार बजे सराफा दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। दुकान की दूसरी मंजिल पर रह रहे परिवार के लोग आननफानन नीचे उतरकर बाहर आए गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार कर आग बुझाई। पीड़ित सराफ ने कहा कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि बुधवार को तड़के करीब चार बजे राजेंद्र नगर स्थित शिव शक्ति ज्वैलर्स में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। सराफा दुकान के मालिक ब्रह्म वर्मा पुत्र शेरसिंह वर्मा का परिवार इसी दुकान की दूसरी मंजिल पर रहता है।
धुआं निकलता देखकर सभी लोग आनन-फानन नीचे उतरकर बाहर आए और दुकान का शटर को खोला गया। दुकान में आग ने विकराल रूप ले लिया था। सूचना पर 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। टीम ने आग पर काबू पा लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। अन्य कोई जनहानि नहीं हुई है।