चीनी मिल पर किसानों के 162 करोड़ रुपये के बकाया का मामला
बहेड़ी। केसर चीनी मिल पर किसानों के 162 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान को लेकर चल रहे आंदोलन में थाना पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। गन्ना समिति पर शुक्रवार को धरने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली लाकर हाईवे और रेलवे जाम करने की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। दो लोगों को धारा 168 (संज्ञेय अपराधों को रोकने का प्रावधान) के तहत नोटिस जारी कर दिया गया है।
थाना बहेड़ी से जारी नोटिस में कहा गया है कि 30 अक्तूबर को गन्ना समिति परिसर में एक धरने का आयोजन हुआ। इस धरने में ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर हाईवे, रेलवे चक्का जाम करने का एलान किया गया। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि इस प्रकार की घटना पाई गई तो कठोर विधिक कार्रवाई नोटिस तामील करने वालों पर होगी।
सीओ अरुण कुमार सिंह के अनुसार, वीडियो में जिन लोगों ने हाईवे और रेलवे जाम करने की बात कही है, उनको नोटिस भेजा जा रहा है। मंच पर मौजूद 20 लोगों को अब तक चिह्नित किया गया है। बाकी लोगों की लिस्ट तैयार हो रही है। अभी जिन दो लोगों को नोटिस दी गई है। उनमें जाजूनगर निवासी राजा भाटी, कस्बा निवासी अनमोल गर्ग शामिल हैं।