बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़ित बच्ची स्वस्थ होकर अपने घर चली गई है। उसके उपचार के दौरान महिला पुलिसकर्मी साथ रहीं। निशुल्क इलाज से लेकर काउंसिलिंग कर पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को संबल दिया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बरेली में मिशन शक्ति मुहिम के तहत दुष्कर्म पीड़ित बच्ची के मामले में फरीदपुर थाने की पुलिस टीम ने मानवीयता की मिसाल पेश की है। दो महीने में दो सर्जरी के बाद पीड़ित बच्ची अब घर लौट आई है। उसके निशुल्क इलाज से लेकर काउंसिलिंग कराने में महिला पुलिसकर्मी साथ रहीं। एसएसपी ने एक वीडियो बयान जारी कर दूसरे थानों की पुलिस को इस टीम से सीख लेने का संदेश दिया है।
विज्ञापन
फरीदपुर में दो सितंबर को छह साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना हुई थी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फरीदपुर थाने के मिशन शक्ति केंद्र की प्रभारी दरोगा मानसी हुड्डा व कांस्टेबल जागेश्वरी देवी ने बच्ची के माता-पिता से संपर्क कर रिपोर्ट कराने से लेकर इलाज तक उल्लेखनीय कार्य किया। बच्ची को अस्पतालों में रेफर कराना, उच्च स्तरीय तकनीक से दो सर्जरी व इलाज और देखरेख का खर्च परिवार पर नहीं पड़ने दिया गया।
पीड़ित बच्ची के परिवार को दिलाई जाएगी सहायता राशि
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा के निर्देशन में दोनों पुलिसकर्मी लगातार बच्ची को हौसला देती रहीं। एसएसपी ने बताया कि अब बच्ची स्वस्थ होकर घर लाई गई है। पीड़ित बच्ची की पढ़ाई व भविष्य के लिहाज से उसे रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत सरकार से धनराशि दिलाई जा रही है। मिशन शक्ति टीम लगातार बच्ची और परिवार से संपर्क में है।
विज्ञापन
ट्रेन से कटकर आरोपी ने दी थी जान
दो महीने पहले बच्ची से दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। तब खुद को घिरा हुआ जानकर आरोपी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। ऐसे में पुलिस प्रशासन का पूरा जोर बच्ची को समाज की मुख्यधारा में लाने पर है।