बरेली। सास और साले की हत्या के आरोपी अफसर के एनकाउंटर मामले में बुधवार को पुलिस ने मानवाधिकार आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। इधर, एहतियातन गांव में फोर्स तैनात की गई है। हमले में घायल अफसर की पत्नी सायमा की हालत में भी सुधार हो रहा है। अफसर के पास मिले इटली मेड पिस्टल को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में पंचायत के दौरान सोमवार को अफसर ने चाकू से गोदकर सास आसमां और साले आदिल की हत्या कर दी थी। पत्नी सायमा पर भी जानलेवा हमला किया था। मंगलवार सुबह पुलिस ने अफसर को सहारा ग्राउंड के पास मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान अफसर ने पुलिस पर पिस्टल से 10 राउंड फायरिंग की थी। इसमें दो सिपाही भी घायल हुए थे।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अफसर के पास इटली मेड पिस्टल कहां से आई, इसकी जांच की जा रही है। रहपुरा चौधरी में शांति है। एहतियातन फोर्स तैनात है। अस्पताल में भर्ती सायमा की भी निगरानी की जा रही है। उसकी हालत में अब सुधार है। संवाद