धानवती हत्याकांड: पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
कुल्छा गांव में 19 जून को धानवती (50) का शव बेहद खराब हालत में मिला था। पोस्टमार्टम में विसरा सुरक्षित होने से परिवार के सवाल और मौके के हालात पर हो रही चर्चा पर विराम लग गया। पुलिस ने मौत सामान्य बताकर कार्रवाई नहीं की। परिवार ने अफसरों से लेकर मानवाधिकार आयोग तक शिकायतें कीं। एक महीने बाद एसएसपी के आदेश पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज हो सकी। अब पुलिस विसरा रिपोर्ट के इंतजार में है। सवाल है कि रास्ते से दूर खेत में धानवती खुद कैसे पहुंच गईं? इस तरह अनायास मौत कैसे हो गई?
प्रेमवती हत्याकांड: आरोपी पकड़कर छोड़े
29 जून को गांव आनंदपुर में प्रेमवती (50) की हत्या इसी तरह खेत में कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने परिवार से तहरीर ली। इसमें ईंट भट्ठा स्वामी समेत चार लोगों को नामजद किया गया। प्रेमवती के बेटे ने बताया कि खेत से मिट्टी जबरन उठाने को लेकर मां की इन लोगों से कुछ दिन पहले लड़ाई हुई थी।
ये भी पढ़ें-
UP: बरेली में मणिपुर जैसी घटना बताकर वीडियो वायरल, महिला ने लगाए गंभीर आरोप; पुलिस जांच में सामने आई ये बात
पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया। पुलिस जान रही है कि भट्ठा मालिक इतने मामूली विवाद में हत्या नहीं करेंगे। असली हत्यारोपियों की पहचान या तलाश के लिए भी कोई उपक्रम नहीं किया जा रहा। इसे लेकर प्रेमवती के परिवार में आक्रोश है।
कुसुमा देवी हत्याकांड: पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर ही सवाल
22 जुलाई को खजुरिया गांव की कुसुमा देवी (35) की भी खेत पर गला दबाकर हत्या की गई थी। कुसुमा के परिवार ने एक सुल्फा पीने वाले शख्स व उसके साथी की खेत पर मौजूदगी को लेकर उनके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कराई। पुलिस किसी आरोपी को नहीं पकड़ सकी है। इस मामले में परिवार व स्थानीय लोगों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं।
जब शव मिला था जब मृतका का एक हाथ टूटा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका जिक्र नहीं मिला। इसी तरह बुरी तरह पीटने व घसीटने के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ खरोचें ही सामने आईं। परिवार पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है। मामले को हल्का दिखाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खेल किए जाने की बात कही जा रही है।
सीओ बोले- क्लू मिले, जल्द होंगे खुलासे
शाही की घटनाओं का पर्यवेक्षण कर रहे मीरगंज सीओ हर्ष मोदी का कहना है कि अभी तक पुलिस मुहर्रम की वजह से व्यस्त थी। अब जल्द खुलासे किए जाएंगे। दो मामलों में कुछ सुराग मिले हैं। इनके आधार पर सच्चाई सामने लाई जाएगी।