बरेली। आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल और पुलिस के प्रति विश्वास जगाने को लेकर उच्चाधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन गांवों में रात बिताने के शासन ने निर्देश दिए हैं। हालांकि शासन के बार-बार रिमाइंडर भेजे जाने के बावजूद अफसर गांवों में रात्रि विश्राम करने के लिए तैयार नहीं हैं। शासन ने एक बार फिर सभी एडीजी, डीआईजी और एसपी को रिमाइंडर भेजकर शासनादेश का पालन करने को कहा है।
गौरतलब है कि प्रशासनिक अधिकारियों को पहले से ही प्रदेश सरकार ने सप्ताह में किसी एक दिन गांव में रात बिताने के निर्देश दे रखे हैं। इस दौरान रात में गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करने और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी देने को कहा गया है। इसी तर्ज पर अब पुलिस अधिकारियों के लिए भी गांवों में रात्रि विश्राम के लिए शासन की ओर से निर्देश जारी हुए हैं, लेकिन इन पर अमल अब तक शुरू नहीं हो सका है। अभी दो दिन पूर्व शासन की ओर से एक बार फिर एडीजी, डीआईजी आदि को इस बाबत पुलिस मुख्यालय से निर्देश भेजे गए हैं।
शासन के निर्देश हैं कि डीआईजी रेंज के दो जिलों में महीने में दो दिन किसी भी गांव में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके अलावा जिलों में भी अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश हैं, इनका कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। - राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी, बरेली