शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा रामलीला मेले में नकली नोट देकर खरीदारी करते हुए दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बरेली के रहने वाले दोनों युवकों के पास से 15,200 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। शनिवार को कटरा थाना प्रभारी पवन पांडेय को नकली नोट के साथ दो युवकों के रामलीला मैदान में घूमने की सूचना मुखबिर से मिली थी। पुलिस टीम ने मेले में घेराबंदी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि पुलिस ने बरेली के भुता थाना के फैजनगर निवासी अकील व इरफान को गिरफ्तार किया। उनके पास से 100-100 के 152 नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को थाने में लाकर पूछताछ की। उनके खिलाफ उप निरीक्षक इतेश तोमर की ओर से मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
बरेली के रहने वाले अकील व इरफान हुसैन दोस्त हैं। दोनों ने बरेली के रहने वाले साेनू से छह हजार रुपये में सेटेलाइट बस अड्डे से नकली नोट खरीदे थे। इसके बाद कटरा के रामलीला मेले में आ गए थे। पुलिस के अनुसार, 100 का नकली नोट देकर कम रुपये का सामान खरीदते थे, जिसके बदले में उन्हें असली रुपये मिल जाते थे। नकली नोट आसानी से असली में बदल जाते थे।
पुलिस ने नकली नोट बरामद करने के बाद स्ट्रीट लाइट में पहचान का प्रयास किया। इसके बाद गूगल एप के माध्यम से असली व नकली नोटों की पहचान डालकर मिलान किया। बरामद नोट आरबीआई के मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे। आरोपियों ने नकली नोट देने वाले सोनू का मोबाइल नंबर भी पुलिस को बताया है।