डिप्टी मैनेजर के साथ ये हुई थी घटना
लक्ष्मी गुप्ता एचडीएफसी बैंक की सिविल लाइंस शाखा में उप प्रबंधक हैं। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह बैंक से सेटेलाइट बस अड्डे होते हुए अपने आवास उमंग पार्ट 1, महानगर जा रही थीं। उन्होंने अपना पर्स स्कूटी के फुटरेस्ट के पास रखा था। पीलीभीत रोड पर पासपोर्ट ऑफिस के पास पहुंचते ही दो अनजान व्यक्ति बाइक से आए और उनका पर्स छीन लिया। लक्ष्मी गुप्ता शोर मचाती ही रह गईं। बदमाश बीसलपुर चौराहा की ओर भाग गए। पर्स में उनका मोबाइल फोन, बैंक कार्ड, चाबी और कुछ नकदी थी। एक बदमाश ने मैरून रंग की शर्ट पहनी हुई थी। लक्ष्मी गुप्ता ने बुधवार को बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
300 कैमरों की फुटेज चेक की
एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि बैंक की डिप्टी मैनेजर की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल पुलिस की टीमें गठित कर दी गईं। पुलिस ने पासपोर्ट कार्यालय से सटे रास्तों पर घटना के समय से आसपास करीब 300 सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे पुलिस ने बदमाशों को चिह्नित कर लिया। फिर सटीक मुखबिर तंत्र व तकनीक का प्रयोग कर पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी कर ली। अधिकारियों ने टीम को शाबासी दी है। पीड़ित ने भी लुटेरों को पहचान लिया है।
शकील पर दर्ज हैं कई मुकदमे
एएसपी के अनुसार शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज के खिलाफ बारादरी थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट और वर्ष 2022 में हत्या की धारा का एक मुकदमा शामिल है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्स छीनने के मामले में कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के संबंध में बारादरी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज हुआ है।