फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: डीएम से लगाई खेत में रसायनयुक्त पानी जाने से रोकने की गुहार

Sun, 19 Jul 2026 01:39 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदपुर। तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। खेत में रसायनयुक्त पानी जाने से रोकने की गुहार लगाई गई। दर्ज की गईं 115 में से 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें सर्वाधिक रहीं।
विज्ञापन

तहसील सभागार में आए कार्टोली गांव के राजेंद्र कुमार वाजपेयी ने तीन माह से खराब नलकूप की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 20 जून के समाधान दिवस में भी शिकायत की थी लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। पचौमी गांव के भगवान दास ने खेत में प्लाई फैक्टरी से आ रहे रसायनयुक्त पानी को रोकने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सभागार में मौजूद विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। दर्ज की गईं शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित सबसे ज्यादा रहीं। विकास, पुलिस और समाज कल्याण विभाग के मामले भी दर्ज हुए।

डीएम ने रोपे पौधेसमाधान दिवस के बाद डीएम अविनाश सिंह ने तहसील परिसर में पौधे रोपे। उनके साथ विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसडीएम फरीदपुर विदुषी सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह ने भी पौधे रोपे।
विज्ञापन


51 में से मात्र एक शिकायत का हुआ निस्तारण
नवाबगंज। तहसील सभागार में एसडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। दर्ज हुईं 51 में से मात्र एक शिकायत का ही निस्तारण किया जा सका। जिगनिया भगवंतपुर गांव के हरीश चंद्र, मंलसेन, रविंद्र पाल ने बंजर भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। नायब तहसीलदार को इसकी जांच के आदेश दिए गए। अधिवक्ता उपेंद्र पाल सिंह ने हाईवे पर स्ट्रीट लाइटें न जलने की समस्या बताई। उन्होंने चार माह पहले एक युवक की करंट से मौत का भी जिक्र किया। एडीएम ने एनएचआई को कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिवक्ता अशर्फी लाल ने हाईवे पर नाले के स्लैब पर अतिक्रमण की शिकायत की। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का आदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया। इस अवसर पर एसडीएम सचिन यादव, नायब तहसीलदार शोभित चौधरी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

42 में से एक शिकायत का हुआ निस्तारण
मीरगंज। तहसील सभागार में एडीएम (न्यायिक) देशदीपक सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें दर्ज की गईं 42 में से केवल एक शिकायत का ही निस्तारण किया गया। 41 शिकायतों के मामले में जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया। राजस्व विभाग से सर्वाधिक 14 शिकायतें दर्ज कराई गईं। पुलिस और पूर्ति विभाग की 10-10 शिकायतें दी गईं। विद्युत विभाग से सात और समाज कल्याण विभाग से एक शिकायत दर्ज की गई। अधिकारियों ने लंबित शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उपस्थित लोगों ने समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग भी उठाई।


गृहकर-जलकर वृद्धि और घूसखोरी का आरोप, दिया ज्ञापन
बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में गृहकर और जलकर वृद्धि पर नगर के लोगों ने हंगामा किया। घूसखोरी के आरोप भी लगाए। एसडीएम गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में दिवस का हुआ। इसमें 26 शिकायतें आईं, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया। पूर्व अध्यक्ष फौजुल के पति नसीम अहमद ने अब्बास नगर व शाहगढ़ के लोगों संग पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर पालिका पर उत्तर प्रदेश में उच्चतम कर वृद्धि का आरोप लगाया। नसीम अहमद ने कहा कि मकानों को दर्ज करने के लिए 25 से 40 हजार रुपये की घूस ली जा रही है। उन्होंने अब्दुल रशीद को 4,42,800 रुपये वार्षिक कर का नोटिस मिलने का उदाहरण दिया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कर को कम कराने की मांग की। इस संबंध में एसडीएम ने समाधान का आश्वासन दिया।

28 शिकायतों में चार का किया निस्तारण
आंवला। तहसील सभागार में नवागत एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। दर्ज की गईं 28 शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए निष्पक्ष कार्रवाई की हिदायत दी। पराबहाउददीनपुर के ग्राम प्रधान वीरेंद्र शाक्य ने इंटरलॉकिंग रोड बनाने में बाधा डालने और ठेकेदार को धमकाने की शिकायत की। बलेई भगवंतपुर निवासी राहुल सिंह ने नौ अपात्रों को प्रधानमंत्री योजना का लाभ दिए जाने का आरोप लगाया। नगरिया सतन निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बेटे की कक्षा छह उत्तीर्ण होने के बाद भी टीसी न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान ईओ प्रदीप गिरी और बिजली निगम एसडीओ कामेश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें