बरेली। खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले वर्ष शुरु हुआ सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण अब अंतिम चरण में है। स्पोर्ट्स स्टेडियम की ओर से खेल विभाग को इसका प्रस्ताव भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद सिटी एंड इंडस्टि्रयल कार्पोरेशन को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। खेल निदेशालय ने निर्माण की अंतिम तिथि 12 मार्च 2026 तय की थी, लेकिन इसे निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। नौ करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक आठ लेन का होगा।
ड्रेनेज सिस्टम और डामर रोड तैयार
ट्रैक के निर्माण का कार्य जोरों पर है। ड्रेनेज सिस्टम तैयार हो चुका है। डामर की परत भी बिछ गई है। ट्रैक की संरचना इस तरह तैयार की गई है कि बारिश के पानी की निकासी में कोई समस्या न हो और यह लंबे समय तक टिकाऊ बना रहे। एसडीआर (फिलिंग मैटीरियल) का कार्य प्रगति पर है, जो ट्रैक को अतिरिक्त लचीला बनाएगा और खिलाड़ियों को बेहतर ग्रिप प्रदान करेगा।
सिंथेटिक टर्फ लेयरिंग का कार्य अंतिम चरण में
करीब 100 मीटर ट्रैक पर सील कोटिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद पूरे ट्रैक पर सिंथेटिक टर्फ की परत चढ़ाई जाएगी। यह परत ट्रैक को ज्यादा टिकाऊ बनाएगी और खिलाड़ियों को सुरक्षित और आरामदायक सतह प्रदान करेगी। इससे खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा कम हो जाएगा और इस पर अभ्यास कर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। इस ट्रैक पर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, स्प्रिंट आदि जैसी प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। अधिशासी अभियंता, अमित सिंह ने बताया कि इस माह के अंत तक ट्रैक का कार्य पूरा हो जाएगा। उसके बाद इसे स्टेडियम को सौंप दिया जाएगा।
- खिलाड़ियों की सुविधा के लिए विभाग को सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके जल्द पूरा होने से खिलाड़ियों को अपना कौशल सुधारने में आसानी होगी। - जितेंद्र यादव, आरएसओ
संवाद