बरेली के फरीदपुर क्षेत्र से चौंकान वाला मामला सामने आया है। क्रिकेट मैच में अपनी टीम की हार से गुस्साए युवक ने विपक्षी टीम के समर्थक को पीटकर गर्दन व रीढ़ की हड्डी तोड़ दी। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। परिजनों ने कस्बे के मोहल्ला मिर्धान निवासी छोटा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीएएस इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में कई टीमें खेल रही हैं। मोहल्ला मिर्धान निवासी परिजनों ने बताया कि उनका बेटा हसीन (20) एक फरवरी को मैच देखने गया था। मोहल्ले का ही छोटा भी यहां मौजूद था। दोनों ही अलग-अलग टीमों का समर्थन कर रहे थे। हसीन जिस टीम का समर्थन कर रहा था, वह जीत गई।
दिल्ली में चल रहा था उपचार
जीत की खुशी मनाने से आरोपी छोटा नाराज हो गया। वह गाली-गलौज करने लगा। छोटा के एक साथी ने भी उसे उकसाया। गुस्से में छोटा ने हमला करके हसीन को घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन पिटाई से बेहोश हसीन को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। यहां से उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
वहां पिछले एक सप्ताह से उसका उपचार चल रहा था। रविवार को हसीन की मौत हो गई। शव को फरीदपुर लाने के बाद स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी छोटा व उसके साथी की तलाश की जा रही है।