बरेली। रेलवे की ओर से यात्रियों पर महंगाई का एक और वार किया गया है। अब तक दस रुपये में मिलने वाला प्लेटफार्म टिकट बुधवार से 50 रुपये का हो गया है। हालांकि कहा जा रहा है कि यह निर्णय कोरोना के कारण लिया गया है ताकि जंक्शन पर बेवजह लोग इकट्ठे न हों। रेलवे ने ए और बी क्लास स्टेशनों पर प्लेटफार्म टिकट का मूल्य एक साथ पांच गुना बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया है। पहले टिकट पांच रुपये का था जिसे करीब आठ साल पहले दस रुपये का कर दिया गया था। रेलवे ने कोरोना को इसका कारण बताते हुए साफ किया है कि यह फैसला प्लेटफार्म पर यात्रियों के अलावा और लोगों की आवाजाही कम करने के लिए लिया गया है। हालांकि इज्जतनगर मंडल ने अभी सिर्फ पीलीभीत स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट तीस रुपये का किया है। मूल्यवृद्धि के बाद जंक्शन पर पहले दिन सिर्फ एक ही प्लेटफार्म टिकट खरीदा गया। मुरादाबाद रेलवे डिविजन की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि टिकट का मूल्य बढ़ने से प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ कम होने की संभावना है।