बरेली। गंदे पानी की आपूर्ति से जूझ रहे रोहली टोला और आलमगिरीगंज के बाशिंदों को जल्द ही समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को नगर निगम के जलकल विभाग की टीम सुबह से ही पाइप लाइन को दुरुस्त करने में जुटी रही। टीम ने तीन जगह लीकेज को ठीक करने के साथ ही मुख्य लाइन की भी जांच की। आलमगिरीगंज में फॉल्ट न मिलने से लोग अब भी परेशान हैं।
मंगलवार के अंक में अमर उजाला में बदहाल व्यवस्था... डेढ़ साल से टोंटियों में आ रहा गंदा पानी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेकर मंगलवार को टीम मौके पर भेजी गई। नगर आयुक्त के मुताबिक, टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पार्षद से बातचीत करके फॉल्ट की तलाश शुरू की। पाइप लाइन में तीन जगह लीकेज मिला। इसे दुरुस्त करा दिया गया।
कांकरटोला वार्ड ऑफिस के सामने गड्ढा कर पाइप लाइन को चेक किया गया है। पार्षद ने बताया कि दो से तीन दिन गड्ढा रहेगा, यहां से पानी बहने के दौरान लाइन साफ होगी और फिर जलकल विभाग लाइन को जोड़कर गड्ढे को पाट देगा। संवाद
आलमगिरीगंज में नई लाइन डालने पर विचार
आलमगिरी के पार्षद मुकेश सिंघल ने बताया कि उनके वार्ड में सुनहरी मस्जिद के पास बताशे वाली गली और रामकुमार सराफ वाली गली में पानी की समस्या काफी समय से है। मंगलवार को भी टीम ने फाॅल्ट देखा लेकिन कोई हल नहीं निकला। उनकी जेई अजीत सिंह से बातचीत हुई है, उन्होंने फॉल्ट न मिलने पर नई लाइन डलवाने की बात कही है।