पीलीभीत जिले में अवैध गतिविधियों के बारे में गोपनीय तरीके से जानकारी भी जुटाई जा रही है। इसके लिए पुलिस की खुफिया टीमें को भी सतर्क की गई हैं। पुराने रिकॉर्ड खंगाले जाने की चर्चा है। पुराने मामलों में संलिप्त लोगों की वर्तमान स्थिति भी जांच के दायरे में है। आतंकियों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। यह फुटेज होटल का है, जिसमें तीनों ठहरे हुए थे।
पूरनपुर में रिश्तेदारी होने की चर्चा
पूरनपुर पहुंचे तीनों आतंकियों के स्थानीय कनेक्शन की चर्चा पूरे जिले में है। आतंकियों के मुठभेड़ से दो दिन पहले आने और पूरनपुर के एक होटल में रुकने की चर्चाओं के बीच रिश्तेदारी का जिक्र भी हो रहा है।
चर्चा है कि मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में से किसी एक की पूरनपुर क्षेत्र में रिश्तेदारी है। बताया जाता है कि वह पूरनपुर स्थित रिश्तेदारी में ही छिपने के लिए साथियों के साथ आया था। पंजाब से पूरनपुर आने के लिए तीनों ने बस का इस्तेमाल किया था। हालांकि पुलिस ने इससे इन्कार किया है।
मजिस्ट्रियल जांच की प्रक्रिया भी शुरू
पूरनपुर क्षेत्र में खालिस्तानी आतंकियों से मुठभेड़ मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। इसकी रिपोर्ट भी शासन को भेजी जाएगी। डीएम ने मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद जांच की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।