पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर मोबाइल बूथ के लिए तैयार किया गया ढांचा। संवाद
पीलीभीत। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग को ‘आदर्श सुरक्षित सड़क’ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस मार्ग पर हादसों के रोकने के इंतजाम करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाने व मोबाइल बूथ बनाने सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।
शासन के नए आदेश के तहत हर जिले की एक सड़क को ‘आदर्श सुरक्षित सड़क’ के तौर पर विकसित किया जाना है। जिले में इसके लिए एनएचएआई और परिवहन विभाग ने पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग को चुना है। करीब 40 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर कार्यदायी संस्था मार्थ की ओर से काम कराए जाएंगे।
कवायद का पहला उद्देश्य मार्ग पर हादसों में कमी लाना है। इसके लिए आबादी वाले क्षेत्रों में जाल व सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ ही मोबाइल बूथ बनवाने सहित अन्य कार्य होंगे।
इसके साथ ही परिवहन विभाग की ओर से चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट पर सुधार कराया जाएगा।
स्कूलों के आस-पास होंगे कार्य : मार्ग के किनारे संचालित स्कूलों के आस-पास दोनों ओर साइन बोर्ड लगाने के साथ ही स्पीड ब्रेकर, जाल लगवाने के साथ ही अन्य कार्य कराएं जाएगें। वहीं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर भी कुछ काम कराए जाएंगे। संवाद