नवाबगंज। एक धर्मस्थल पर मांस के टुकड़े पड़े देख वहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालु आग-बबूला हो गए। गुस्साए लोगों इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से परिसर की साफ-साफ कराई। जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कार्यकर्ताओं ने पुलिस और नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर बरातघर संचालक पर कार्रवाई की मांग की है।
पुराना ब्लाॅक में मुख्य मार्ग स्थित धर्मस्थल के पास एक बरातघर है। इसमें दोनों समुदायों के लोगों के वैवाहिक कार्यक्रम होते रहते हैं। आरोप है कि शनिवार रात बरातघर में दूसरे समुदाय के लोगों का निकाह कार्यक्रम था। बताया गया कि इसमें मांस पकाया गया। बरातघर संचालक आए दिन अवशेषों को पास में नहर की कोठी में फिकवा देता है। लोगों को दुर्गंध के कारण आने-जाने में दिक्कत होती है।
सोमवार को श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो उन्हें वहां मांस के टुकड़े दिखे। इससे उनमें आक्रोश फैल गया। पुलिस पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। विहिप कार्यकर्ता भी हंगामा करने लगे। उन्होंने नायब तहसीलदार रजनीश सक्सेना और कोतवाल राजीव कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान सभासद मंजू गुप्ता, आशीष गुप्ता, अरविंद कुमार गुप्ता, जितेंद्र चड्ढा, गौरव कुमार, अमन शर्मा, दुर्गेश गुप्ता, विपिन गुप्ता, अंकित गंगवार, आकाश गंगवार, विपिन गंगवार आदि मौजूद रहे।