फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं में बड़ा हादसा: सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठे छह लोगों को पिकअप ने कुचला, चार की मौत

Sat, 01 Jun 2024 03:39 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला नेटवर्क, बदायूं

सार

Budaun Road Accident News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में शनिवार दोपहर को बड़ा हादसा हो गया। बिसौली क्षेत्र के गांव पैगा भीकमपुर में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ की छांव में बैठे छह ग्रामीणों को पिकअप वाहन ने कुचल दिया। इनमें चार लोगों की मौत हो गई है। दो की हालत गंभीर है। 
विज्ञापन
बदायूं के बिसौली क्षेत्र में हुआ हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के बिसौली के गांव पैगा भीकमपुर में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे पेड़ के चबूतरे से टकरा गई। पिकअप की चपेट में आने से पेड़ के नीचे बैठे रामप्रकाश (47), ज्ञानचंद्र (37) और धनपाल (50) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ब्रहमपाल (40) ने निजी अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बिसौली कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। चार लोगों की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने पिकअप चालक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उसे बचाने आए पुलिस कर्मियों को भी भीड़ ने पीट दिया और सड़क पर जाम लगा दिया।

विज्ञापन


शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम पैगा भीकमपुर निवासी ब्रहमपाल, रामप्रकाश, ज्ञानचंद्र, धनपाल, रामवीर (45) और नेत्रपाल (36) समेत कई लोग पीपल के पेड़ के नीचे चबूतरे पर बैठे थे। सभी लोग पेड़ की छांव का आनंद लेते हुए आपस में बातें कर रहे थे। उसी दौरान आंवला की ओर से तेज रफ्तार आई पिकअप चबूतरे से टकरा गई, जिसकी चपेट में आने से रामप्रकाश, ज्ञानचंद्र और धनपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ब्रहमपाल, रामवीर और नेत्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर भाग गया और नजदीक में एक मक्का के खेत में जाकर छिप गया।

विज्ञापन


हादसे की सूचना पर पूरे गांव के लोग एकत्र हो गए। उनमें कुछ लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। परिवार वाले घायल ब्रहमपाल, रामवीर और नेत्रपाल को लेकर बिसौली चले गए, रास्ते में ही ब्रहमपाल ने दम तोड़ दिया। रामवीर और नेत्रपाल को निजी अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

विज्ञापन

चालक को दौड़ाकर पीटा
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया और मक्का के खेत से चालक को ढूंढ निकाला। उसको सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। तभी मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को बचाने की कोशिश की। उस दौरान ग्रामीणों की संख्या ज्यादा थी। गिने-चुने चार पांच पुलिसकर्मी थे। इससे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट कर दी। हालांकि, पुलिस कर्मी चालक को बचाकर ले जाने में कामयाब रहे।

सूचना पर कई थानों की पुलिस, एडीएम प्रशासन रेनू सिंह, एसपी देहात राम मोहन सिंह, एसडीएम कल्पना जायसवाल और सीओ बिसौली मौके पर पहुंच गए। शाम तक ग्रामीणों ने शवों को नहीं उठने दिया। सभी ग्रामीण तुरंत कार्रवाई और मुआवजा राशि दिलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारी सभी ग्रामीणों को समझाने में लगे हुए हैं।

एसपी देहात राम मोहन सिंह ने बताया कि बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पैगा भीकमपुर में यह हादसा हुआ है। इसमें चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर घायल हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया था। उन्हें समझाकर जाम खुलवा दिया गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें