बरेली के कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले दरिंदे की अभी पहचान नहीं हो पाई है। रविवार को पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। वहीं, बच्ची की हालत अब सामान्य है। उसके पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के निवासी व्यक्ति की बेटी को शनिवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेलते समय किसी ने अगवा कर लिया। रात आठ बजे खून में लथपथ बदहवास बच्ची घर पहुंची तो परिवार वालों को उसके साथ गलत होने का शक हुआ। सूचना पर पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।
सीओ सिटी श्वेता यादव ने बच्ची से बात की है। उसकी हालत में और सुधार होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस के अनुसार आरोपी आसपास का ही हो सकता है। बहला-फुसला कर ले जाने के बाद उसने यह हरकत की होगी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में लगी हुई हैं।