पुरस्कार पाकर खिले छात्राओं के चेहरे। स्रोत: शिक्षक
मीरगंज। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की सत्र 2024-25 की अंतर महाविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता में राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज की छात्राओं की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता मुरादाबाद के सौनकपुर स्टेडियम में गोकुलदास महिला महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।
कॉलेज की टीम ने क्वार्टर फाइनल में एसएल कॉलेज मुरादाबाद को 18-01 के बड़े अंतर से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में साहू जैन कॉलेज, नजीबाबाद के खिलाफ कड़े मुकाबले में 6-3 से जीत दर्ज की। फाइनल मैच में मीरगंज की टीम का मुकाबला एसडी कॉलेज, चेटीपुर अमरोहा से हुआ। रोमांचक इस मैच में अमरोहा की टीम ने 5-4 से जीत हासिल की, जिससे आरपी कॉलेज की टीम उपविजेता बनी।मीरगंज की टीम की ओर से कुमारी अक्शा, सर्वेश, फरहीन, सोनम, डौली और राधा का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर कुछ खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार सिंह, शारीरिक शिक्षा प्रभारी प्रो. विजय बिष्ट आदि ने छात्राओं की सराहना की है। संवाद