सड़क पर जमा लोगों से बात करते थाना प्रभारी
बिशारतगंज। मारपीट में गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर गए। बृहस्पतिवार शाम महंत विजय देवनाथ के नेतृत्व में अलीगंज- रम्पुरा मार्ग पर पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग के समीप जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी सतीश कुमार ने शुक्रवार दोपहर तक आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा देकर लोगों को लौटा दिया।
सोमवार सुबह गांव जलालनगर निवासी 55 वर्षीय उम्मीद खां बेहटा बुजुर्ग गांव तिराहे पर अकरम टेंट पर बात कर रहे थे। तभी गांव जलाल नगर निवासी रईस अहमद, अमीर अहमद व तसब्बर ने कहासुनी के बाद डंडों से हमला कर घायल कर दिया। बुधवार शाम अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में उम्मीद खां के बेटे सरफराज ने तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने सड़क पर जमा होकर जाम लगाने की कोशिश की। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने मारपीट को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। संवाद