मीरगंज। गोरा हेमराजपुर एवं कैलाश गिरि घाट पर रामगंगा नदी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान ठंड का असर श्रद्धालुओं पर दिखाई नहीं दिया। घाटों पर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा। घाटों पर बैरिकेडिंग कर गोताखोरों की ड्यूटी लगाई गई है।
रामगंगा नदी किनारे गोरा हेमराजपुर और कैलाश गिरि घाट पर पूर्णिमा पर दूर-दूर से श्रद्धालुओं ने राम गंगा नदी स्नान कर प्रसाद चढ़ाकर मनौती मांगी। लोगों ने नदी किनारे कथा व हवन कर ब्राह्मणों को भोजन कराया। गरीबों को दान भी दिया।
सुरक्षा-व्यवस्था के इंतजाम किए गए पूरे
मकर संक्रांति पर्व पर भी दोनों स्थान पर मेला लगेगा। लोग दूर-दूर से आकर राम गंगा स्नान कर पूजा कर गंगा मैया का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों घाटों पर स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है, जिससे कोई अनहोनी न हो। उप जिलाधिकारी तृप्ति गुप्ता ने बताया कि बीडीओ मीरगंज के द्वारा स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है। दोनों जगह स्नान घाटों पर पुलिस पिकेट लगाई गई है।
हजारों की संख्या में पहुंचे स्नानार्थी
फतेहगंज पूर्वी। पौष माह की पूर्णिमा पर कादरगंज, नगरिया घाट पर सोमवार तड़के से ही हजारों की संख्या में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालु स्नान करने पहुंंचे। रामगंगा नदी में स्नान करने के बाद पूजा-अर्चना की और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। वहीं, घाटों के किनारे मौजूद ब्राह्मणों से सत्यनारायण भगवान का पाठ करवाकर दान-पुण्य किया। मेले में आई महिलाओं और बच्चों ने चाट पकौड़ी का आनंद उठाया।वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के चलते घाटों के आसपास गोताखोर और पुलिस प्रशासन तैनात रहा। मकर संक्रांति के अवसर पर भी मंगलवार को स्नान के साथ भंडारों के भी आयोजन किए जाएंगे। संवाद
कड़ाके की सर्दी के बीच किया स्नान
बिशारतगंज। पौष पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने राम गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हालांकि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए अन्य माह की पूर्णिमा की तुलना भीड़ बेहद कम रही। नियमित पूर्णिमा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं पर सर्दी का असर दिखाई नहीं दिया। भोर से ही गंगा घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने स्नान कर दान-पुण्य किया। संवाद