सबसे ज्यादा असर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर, हावड़ा-दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनों के फेरे घटे
बरेली। देश में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या का असर रेलवे पर भी पड़ा है। जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों में लोगों ने रिजर्वेशन कराना कम कर दिया है। सबसे ज्यादा असर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर हुआ है। यात्रियों की कम संख्या देखते हुए रेलवे ने दो ट्रेनों के फेरे भी कम किए हैं।
रेलवे रिजर्वेशन आफिस के सूत्रों के मुताबिक, नौ जुलाई को 54, आठ को 103, सात को 34, छह को 44 और पांच जुलाई को केवल 22 लोगों ने रिजर्वेशन कराया। ऐसे में पांच दिन में देखा जाए तो रेलवे की आमदनी के केवल 48 हजार रुपये हुई, जबकि टिकट का रिफंड लेने वालों की संख्या इससे काफी अधिक है।
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में लगातार बढ़ते संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए लोगों ने रेल यात्रा करना छोड़ दिया है या स्थगित कर दिया है, यही कारण है कि इस रूट पर जाने वाली ट्रेनें सर्वाधिक प्रभावित हैं। यहां बता दें कि यात्रियों की घटती संख्या को देखते हुए हावड़ा-दिल्ली रूट की हावड़ा नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन सप्ताह में चार दिन और एक अन्य ट्रेन नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में अब तीन दिन ही चलेगी। गौरतलब है कि जंक्शन से 16 स्पेशल ट्रेनें गुजर रहीं हैं, जिनमें बिहार जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ है।
रेलवे में जल्द होगी अप्रेंटिसों की भर्ती
बरेली। रेलवे में अप्रेंटिसों की भर्ती जल्द होगी। पहले रेलवे इस पद को खत्म करना चाह रहा था। नरमू कार्यालय पर हुई बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल शर्मा और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से हुई बातचीत में अप्रेंटिसों को बिना किसी परीक्षा के भर्ती करने की योजना पर सहमति बनी है। इसके अलावा चेयरमैन ने कर्मचारी हित में कई योजनाएं शुरू करने का आश्वासन दिया है। बैठक में सुरेंद्र सिंह मलिक, सीडी अवस्थी, कामरान अहमद, रोहित सिंह आदि उपस्थित थे।