बरेली। प्लेटफार्म पर थूकना एक यात्री को महंगा पड़ गया। प्लेटफार्म पर पोंछा लगा रहे सफाई कर्मी ने थूकने पर आपत्ति की तो यात्री उससे भिड़ गया। इस पर सफाई कर्मी ने उसे साथियों की मदद से पकड़कर जीआरपी के हवाले कर दिया। रेलवे मजिस्ट्रेट ने जुर्माना अदा करने पर उसे रिहा कर दिया।
बदायूं के दातागंज निवासी इंतजार अली सोमवार रात चंडीगढ़ जाने के लिए जंक्शन पहुंचा। वह टिकट लेकर प्लेटफार्म एक पर खड़ा हो गया। इसी बीच उसने गुटखा खाकर वहां थूक दिया। प्लेटफार्म पर उसी समय पोंछा लगाया गया था। यह देखकर सफाई कर्मी ने आपत्ति की तो इंतजार मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद सफाई कर्मी ने अपने साथियों की मदद से उसे पकड़कर जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार ने बताया कि इंतजार को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां जुर्माना वसूलने के बाद उसे छोड़ दिया गया।