इज्जतनगर में चुनावी रंजिश में पार्षद और पूर्व पार्षद भिड़े
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी गांव में बुधवार को पार्षद और पूर्व पार्षद के गुट आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर पथराव किया गया। इसमें पार्षद का सिर फट गया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
चुनावी रंजिश को लेकर दो दिन पहले पार्षद मेहसर खां और पूर्व पार्षद अकील उर्फ गुड्डू से विवाद हुआ था। उस वक्त लोगों ने बीच-बचाव कर दिया था। बुधवार शाम दोनों गुट फिर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने जमकर पथराव करना शुरू कर दिया। पार्षद मेहसर खां के सिर पर पत्थर लगा तो खून बहने लगा। पुलिस को पथराव और फायरिंग की सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों के खुराफाती भाग गए।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: भड़काऊ नारा लगाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, एसपी सिटी बोले- जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
पथराव में सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने पार्षद को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। दबिश देकर दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें पूर्व पार्षद अकील उर्फ़ गुड्डू का बेटा भी शामिल हैं।
इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि फायरिंग और पथराव की सूचना मिली थी, लेकिन फायरिंग नहीं हुई थी। पुलिस दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी।