सीबीगंज (बरेली)। एक गांव में युवती और दूसरे समुदाय के युवक के प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। युवती के परिजन को इसकी जानकारी होने पर गांव में पंचायत बुलाई गई। इस दौरान प्रेमी के पिता ने ही अपने बेटे की सबके सामने पिटाई कर दी। मामला रफा-दफा हो गया, पर सप्ताहभर पहले हुई मारपीट का वीडियो अब वायरल हो रहा है।
बताते हैं कि गांव की युवती और दूसरे समुदाय के ऑटो चालक का प्रेम प्रसंग हो गया था। दोनों फोन पर चैटिंग और वीडियो कॉल पर बात करते थे। युवती के परिजन ने उसका मोबाइल फोन देखा तो उन्हें इस रिश्ते की जानकारी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों की पंचायत हुई। इसमें आरोपी युवक के पिता ने ही उसकी पिटाई की और पंचायत ने उसे माफ कर दिया। तब किसी ने इसका वीडियो बना लिया था जो अब वायरल हो रहा है।
आरोप ये भी लग रहे हैं कि थाना पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस ने पूर्व प्रधान के माध्यम से दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस के पास इस तरह की कोई जानकारी या वीडियो नहीं आया है। अब मीडिया से जानकारी मिली है तो जांच कराएंगे।