बरेली। लंबी अवधि के वीजा पर रह रही पाकिस्तान दुल्हनों की नागरिकता की बारह फाइलें शासन को भेज दी गई हैं। इनके अलावा तीन फाइलें और तैयार हो रही हैं। उन्हें भी जल्दी ही शासन को भेज दिया जाएगा। बिना पासपोर्ट के भारत में रहने वाले ग्यारह पाक नागरिकों की नागरिकता की फाइल तैयार करने के संबंध में गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर निर्देश मांगे गए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार की मेहरबानी से एलआईयू दफ्तर में कैंप लगाकर पाकिस्तानी दुल्हनों को नागरिकता के लिए ऑन लाइन फार्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। एडीएम और सीओ एलआईयू नागेंद्र चतुर्वेदी पाक नागरिकों को आवेदन भरने के लिए कागजों के बारे में बताया था। एलआईयू दफ्तर से किला की इरफाना हुसैन, शाहीन, सहला, सैलानी(पुराना शहर) की मुनीरा बेगम, आंवला की फातिमा, सिकंदर शाहीन, बारादरी की भगवानी बाई, राना मुख्तार उनकी बहन उजमा मुख्तार, अम्बर शाकिब, प्रेमनगर के सायना सिराज, अनीता देवी की फाइलें तैयार करके डीएम को भेज दी गईं थीं। डीएम ने बारह दुल्हनों की फाइलें शासन को भेज दी गई हैं। तीन फाइलें और तैयार तैयार हो गई हैं। सोमवार तक उन्हें भी डीएम को भेज दिया जाएगा। सीओ एलआईयू ने बताया कि बिना पासपोर्ट के बरेली में ऐसे कई लोग रह रहे हैं, जो बचपन में अपने माता-पिता के साथ आए थे। उनका रिकार्ड सरकार के पास है। उनके संबंध में यूपी के गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर दिशा निर्देश मांगे गए हैं। वहां से जैसे आदेश होगा, उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।