फेसबुक पर प्रोफाइल अपडेट करने में पाक का झंडा लगाने पर भीरा पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोर को उसके घर वालों ने तीन दिन पहले एंड्रायड मोबाइल लेकर दिया था, जिस पर उसने अपनी फेसबुक आईडी को अपडेट किया था। पुलिस ने किशोर के खिलाफ धारा 153ए आईपीसी, 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
भीरा थानाक्षेत्र में एक किशोर की फेसबुक पर पाकिस्तान का झंडा प्रोफाइल फोटो अपडेट होने की सूचना पर लोगों में गुस्सा फैल गया। इस बात की सूचना लोगों ने भीरा पुलिस को दी। पुलिस तत्काल किशोर को हिरासत में लेकर छानबीन में जुट गई। पुलिस किशोर का मोबाइल को कब्जे में लेकर उससे यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने इस कृत्य को जानबूझकर किया है या अनजाने में हो गया। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात को मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
किशोर का कहना कि एक सॉफ्टवेयर के जरिए बदल गई थी फोटो
फेसबुक पर एक फोटो बदलने वाला सॉफ्टवेयर ‘ट्राई इट’ नाम से आता है। इससे लोग अपनी फोटो को विभिन्न रूप में लगाते हैं, किशोर का कहना है कि वह इसी पर फोटो लगा रहा था, अचानक उसकी फोटो पाक के झंडे के साथ लग गई।
आरोपी किशोर के मोबाइल को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने किशोर के खिलाफ धारा 153ए आईपीसी, 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
- अनिल कुमार, प्रभारी इंचार्ज कोतवाली भीरा-खीरी