बरेली-पीलीभीत हाईवे पर हाफिजगंज में राजघाट पुल के पास हादसा
विज्ञापन
जेसीबी की मदद से घंटे भर बाद निकाले जा सके मृतकों के शव
हाफिजगंज। भूसे से ओवरलोड ट्रक रविवार को बरेली-पीलीभीत हाईवे पर हाफिजगंज में राजघाट पुल के पास तेज रफ्तार के चलते पलट गया। उसके नीचे दबकर फल विक्रेता रिछोला किफायतुल्ला के वहीद (38) और लभेड़ा निवासी यासीन (36) की मौत हो गई। जेसीबी मंगाकर करीब घंटे भर बाद उनके शव बाहर निकाले जा सके।
हादसा सुबह नौ बजे हुआ। उसी दौरान रिछोला मंडी से अमरूद खरीदकर साइकिल से फेरी लगाने जा रहे वहीद और यासीन ट्रक के नीचे दब गए। ट्रक पलटने और भूसा बिखर जाने से मौके पर अफरातफरी मच गई और इसका फायदा उठाकर ट्रक चालक वहां से भाग निकला। सूचना पर हाफिजगंज इंस्पेक्टर अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मंगाकर भूसी हटाई और ट्रक को खिसकाकर उसके नीचे दबे वहीद और यासीन को बाहर निकाला गया मगर तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने उनके शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
मजदूरी कर गुजर-बसर करते थे दोनों
वहीद और यासीन दोनों ही गरीब परिवार से हैं। वे मंडी से फल खरीदकर गांवों में फेरी लगाकर अपनी गुजर बसर करते थे। यासीन के परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे और चार बेटियां हैं। दो बेटियों की जल्दी ही उन्हें शादी भी करनी थी।
पिछले साल भी दो लोगों की हुई थी मौत
ओवरलोड ट्रक राहगीरों के लिए अक्सर मुसीबत बन रहे हैं लेकिन फिर भी इन पर रोक नहीं लग रही है। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर ही पिछले साल गांव उदरनपुर के समीप भूसे से भरा ट्रक पलटने से लभेड़ा निवासी इकरार सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा हाफिजगंज बाईपास पर ट्रक पलटने से कई लोग बाल-बाल बचे थे।