एसपी दक्षिणी ने किया मुआयना, कई बिंदुओं पर हो रही जांच
भमोरा (बरेली)। गांव डप्टा श्यामपुर में ओवरहेड टैंक के चौकीदार बलराम दीक्षित (65) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविवार रात वह नलकूप की कोठरी में सोने गए थे। सोमवार सुबह ओवरहेड टैंक के मुख्य गेट पर उनका लहूलुहान शव मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ओवरहेड टैंक के ऑपरेटर आशुतोष दीक्षित ने बताया कि उनके चाचा बलराम दीक्षित अविवाहित थे। वह रात में ओवरहेड टैंक परिसर में ही सोते थे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि रविवार देर शाम नौरंगपुर निवासी हरिओम ओवरहेड टैंक परिसर में पहुंचा और वहां रखी चारपाई पर लेट गया। इसको लेकर बलराम ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने पास में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत हरि गिरि से हरिओम की शिकायत भी की थी।
भाजपा नेता के तहेरे भाई थे बलराम
बलराम दीक्षित इलाके के भाजपा नेता राहुल दीक्षित के तहेरे भाई थे। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, वृद्ध की हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मान रही है कि शराब पीने-पिलाने के विवाद में हत्या हुई होगी। संवाद
-
मामला हत्या का ही है, इसकी वजह जानने की कोशिश की जा रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट व प्राथमिक जांच से कई चीजें साफ होंगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। - अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी