फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: डीजे संचालक की हत्या पर फूटा आक्रोश, पोस्टमॉर्टम हाउस के सामने लगाया जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। संजयनगर में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या के बाद मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पोस्टमाॅर्टम हाउस के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, मौके पर लाकर गोली मारने, फांसी दिलाने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई, जिसमें अर्जुन की मां के हाथ में चोट लग गई।
विज्ञापन

सोमवार रात करीब 11 बजे संजय नगर इलाके में राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव राकेश मौर्य के 20 वर्षीय बेटे अर्जुन की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अर्जुन दिन में पेंटर और रात को डीजे का काम करता था। रात से ही परिवार के लोग गुस्से में थे। मंगलवार सुबह पोस्टमाॅर्टम हाउस पर भीड़ बढ़ती चली गई। दोपहर करीब 12 बजे जब पोस्टमाॅर्टम कराया जा रहा था, उस दौरान अर्जुन के परिजनों के साथ मौजूद रिश्तेदारों व मोहल्लेवालों की भीड़ बेकाबू हो गई। पोस्टमाॅर्टम हाउस के सामने चौकी चौराहा से चौपुला रोड पर उन्होंने जाम लगा दिया। बारादरी थाना पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।

अर्जुन की मां के हाथ में खून देखकर और भड़की भीड़
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक, एएसपी शिवम आशुतोष सिंह व सीओ सिटी आशुतोष शिवम पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंच गए। शहर के सभी थानों की पुलिस बुला ली गई। महिलाएं सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने लगीं। महिला सिपाहियों ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो धक्कामुक्की भी हुई। इसमें अर्जुन की मां गुड़िया देवी के हाथ में चोट लग गई और खून निकल आया। तब भीड़ और भड़क गई और नारेबाजी करने लगी। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की।
विज्ञापन

-
दो आरोपियों को गोली मारने और फांसी देने पर अड़े
- अर्जुन के परिवार की महिलाओं ने बताया कि उनके परिजनों ने तीन लोगों पर रिपोर्ट कराई है। उन्हें पता लगा है कि दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। महिलाएं इस बात पर अड़ गईं कि दोनों को यहां या घटनास्थल पर लाया जाए और गोली मार दी जाए। जो और लोग घटना में शामिल हों, पुलिस उन्हें फांसी दिलाने की गारंटी ले। एसपी सिटी ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ अधिकतम कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा कि आरोपियों के साथ कोई रियायत नहीं की जाएगी। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।

वर्जन
- अर्जुन की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को नामजद किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा रखी है। सभी घर से भागे हुए हैं। कुछ लोगों को पकड़कर उनसे इनके बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। परिजनों में घटना को लेकर गुस्सा था, उनकी बात सुनकर समझा दिया गया तो वह मान गए। वाहनों का संचालन शुरू करा दिया गया। - मानुष पारीक, एसपी सिटी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें