पीलीभीत। टाइगर रिजर्व के इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच में प्लास्टिक की थैली, बोतल आदि ही ले जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। अब तक इन चीजों को जंगल में अंदर फेंकने पर ही रोक थी। साथ ही चूका बीच की कैंटीन पर पर्यटकों को स्थानीय व्यंजन के अलावा स्नेक्स उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, यहां भी तैयार प्लास्टिक पैकेट पर रोक लगा दी गई है।
टाइगर रिजर्व के छठे पर्यटन सत्र में पर्यटकों की खासी पिछले पर्यटन सत्रों के मुकाबले कहीं अधिक तेजी से बढ़ रही है। चूका बीच के जंगल में होने के कारण अधिकांश पर्यटक अपने साथ खाना की चीजों की थैली और पानी की बोतलें लेकर पहुंच रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में थर्माकोल और प्लास्टिक की बोतलें इकट्ठी होती जा रही हैं। पर्यावरण के लिहाज से टाइगर रिजर्व प्रशासन ने चूका बीच पर प्लास्टिक की बोतलें और गिलास व प्लास्टिक से बने अन्य सामान पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इधर चूका बीच की कैंटीन पर चिप्स आदि के पैकेट की बिक्री हो रही है। इसको भी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने संज्ञान में लेते हुए कैंटीन संचालक को स्थानीय व्यंजनों में दाल, चावल रोटी, पनीर, राजमा के अलावा मूंगफली, पॉपकार्न समेत अन्य स्थानीय स्नेक्स रखने के निर्देश दिए हैं। ताकि गैर जनपदों से आने वाले पर्यटकों को यहां की संस्कृति और खानपान की भी जानकारी हो सके।
चूका बीच में प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसकेे अलावा कैंटीन संचालक को ताजा तैयार किए गए स्नेक्स या फूड रखने के निर्देश दिए गए हैं। -एच राजा मोहन, फील्ड डायरेक्टर, टाइगर रिजर्व
विदेशी पर्यटकों को भी लुभाने लगा चूका बीच
टूरिज्म स्पॉट चूका बीच पिछले पर्यटन सत्रों के मुकाबले इस बार पर्यटकों को खासा पसंद आ रहा है। इस बार विदेशी पर्यटकों की भी तेजी से आमद शुरू हई है। अब तक तीन विदेशी पर्यटक चूका बीच का भ्रमण कर चुके हैं।
टाइगर रिजर्व की महोफ रेंज में स्थित चूका बीच देशी से साथ विदेशी सैलानियों के बीच पैठ बनता नजर आ रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार यदि विदेशी पर्यटकों की संख्या पर नजर डाले तो वर्ष 2014-15 में 10 विदेशी पर्यटक चूका बीच आए थे। वहीं वर्ष 2015-16 में 13, वर्ष 2016-17 में 15, वर्ष 2017-18 में 16 और वर्ष 2018-19 में 23 विदेशी पर्यटक चूका बीच आ चुके हैं। टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू हो चुका है। इन पांच दिन में ही तीन विदेशी पर्यटक आ चुके हैं। इधर अब ब्रिटेन निवासी ब्राइन स्टूअर्ट और उनकी पत्नी लुईस भी पांच नवंबर को यहां पहुंच रही हैं। उन्होंने अरण्य कुटी की एडवांस बुकिंग कराई है। अफसरों रकी मानें तो इस बार देशी के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा होने की उम्मीद है। वहीं चूका बीच की सभी छह हटें पांच दिसंबर तक के लिए एडवांस बुक हो चुकी हैं।
चूका बीच में इस बार पर्यटकों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। विदेशी पर्यटकों ने आना शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि छठा पर्यटन सत्र मेें पिछले सत्रों के मुकाबले पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा होगा। -नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, टाइगर रिजर्व