जेएनयू छात्रों के ‘हम लेकर रहेंगे आजादी’ नारे के विरोध में एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय मेें शनिवार को एबीवीपी के छात्र-छात्राओं ने पूरे कैंपस में जेएनयू के लेफ्ट विंग के छात्रों के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान जेएनयू छात्रों के ‘हम लेकर रहेंगे आजादी’ के विरोध मेें ‘हम देकर रहेंगे आजादी, आओ ले लो आजादी’ के नारे लगाए गए। करीब सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
विश्वविद्यालय में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पूरे कैंपस में घूम-घूमकर मार्चपास्ट निकाला और नारेबाजी की। कैंपस के शिक्षा संकाय में राष्ट्रीय स्तर की गोष्ठी होने के चलते प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने धरना प्रदर्शन से निपटने की तैयारी कर रखी थी। इसके बावजूद एबीवीपी छात्र एक-एक कर शिक्षा संकाय के बाहर इकट्ठा हो गए। इसमें बड़ी संख्या में छात्राएं भी थीं। इन्होंने अपने बैग से भगवा झंडा निकालकर लहराया दिया। छात्र-छात्राएं शिक्षा संकाय से नारे लगाते हुए पूरे विश्वविद्यालय परिसर में घूमे। एबीवीपी के संगठन मंत्री मनोज नीखरा ने कार्यकर्ताओं को संबांधित करते हुए कहा कि वामपंथी संगठन एआईएसए, एसएफआई और डीएसफ का असली चेहरा सबके सामने आ चुका है। इनके आठ लोगों की पहचान दिल्ली पुलिस ने की है। दिल्ली पुलिस भी कह रही है कि जेएनयू की शांतिभंग करने में कम्युनिस्ट संगठनों का हाथ है। महानगर मंत्री गौरव यादव, इरफान खान, योगेश पंडित, मनोज यादव, कमल गुप्ता, अनिकेत शर्मा, उज्जवल ढाका, निहार त्यागी, अनिल गंगवार, मीना, प्रतीक्षा, तनु कंडारी, अनीशा कठेरिया, सुरभि पांडेय, निशा कश्यप आदि इस दौरान शामिल रहे।