बरेली। मयूर वन चेतना केंद्र के जानलेवा मोड़ पर हुए हादसे में मारे गए लवजोत के परिवार वाले थाना इज्जतनगर में 15 दिन तक चक्कर काटने के बावजूद कार ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके तो बृहस्पतिवार को एसएसपी के पास पहुंच गए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसके मालिक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रेमनगर की कृष्णा अवंती कालोनी के कपड़ा व्यापारी गुरदीप सिंह के पुत्र लवजोत की मृत्यु दस अक्तूबर रात दस बजे मुड़िया अहमदनगर के पास मयूर वन चेतना केंद्र के खूनी मोड़ पर कार पलटने से हो गई थी। गुरदीप का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार अंधाधुंध रफ्तार से कार चला रहे ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने तीन नवंबर से वह थाना इज्जतनगर के लगातार चक्कर काट रहे हैं लेकिन पुलिस टालमटोल कर रही है। गुरुवार को उनकी फरियाद पर एसएसपी ने आदेश दिया तो इज्जतनगर पुलिस ने कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।