बरेली। आवास विकास परिषद ने गांव ट्यूलिया में बरेली महायोजना 2021 में ग्रीन बेल्ट घोषित की जा चुकी एक हजार वर्ग मीटर जमीन पर क्राइम ब्रांच के भवन का निर्माण कराया है। परिषद की ओर से इस भूखंड का उपयोग बदलने के प्रस्ताव पर बीडीए बोर्ड में रखा गया था, अब शासन को भी इस संबंध में पत्र लिखा गया है।
आवास विकास के एक्सईएन राजीव कुमार ने शासन को भेजे पत्र में कहा है कि क्राइम ब्रांच के भवन के लिए इस्तेमाल की गई जमीन के एवज में प्रशासन ने बिथरी चैनपुर और नवदिया हरकिशन में जमीन उपलब्ध कराई है ताकि वहां ग्रीन बेल्ट विकसित की जा सके। एक्सईएन का कहना है कि वन विभाग ने भी एनओसी दे दी है। इस आधार पर शासन से भू-उपयोग बदलने का आग्रह किया गया है।