शराब की दुकान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। जोगी नवादा और डेलापीर चौराहा में शराब की दुकान बंद करवाने के लिये महिलाओं ने झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। जोगी नवादा में बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। वहीं डेलापीर में शराब की दुकान में महिलाओं ने पर्चा चस्पा कर दिया कि आज से दुकान बंद। पुलिस ने पहुंचकर महिलाओं को शांत करवाया। लोगों ने शराब की दुकानों को रिहायशी इलाकों से हटाने का कारोबारियों को चेतावनी दी है।
जोगी नवादा की चावल मंडी में शराब भट्टी के विरोध मेें क्षेत्र की महिलायें जुट गई। हाथों में झाड़ू लिये महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने पंडित की व्यवस्था करके दुकान के बाहर बुद्धि शुद्धि यज्ञ भी किया। महिलाओं का पक्ष था कि इस यज्ञ के बाद शराब कारोबारियों की मानसिक स्थिति में सुधार आयेगा। लोग जागरूक हो, ताकि शराब बंदी हो सके। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामा के बीच महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की। रोड को ब्लॉक करने का प्रयास किया गया। बारादरी थाना की पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत करवाया। फिलहाल दुकान पर ताला डलवा दिया गया है।
दुकान पर बंद का पर्चा किया चस्पा
डेलापीर चौराहा के पास तीन साल से चल रही मॉडल शॉप को बंद करवाने के लिये भी महिलाओं ने हंगामा किया। महिलाओं ने सुबह दुकान पर पहुंचकर पर्चा चस्पा कर दिया कि आज से दुकान बंद। महिलाओं के हंगामा शुरू होने के बाद पहुंची पुलिस ने पहुंचकर दुकान के लोगों को बाहर निकालकर ताला डलवा दिया। महिलाओं ने चौराहा पर नारेबाजी करते हुए लोगों को शराब से होने वाले नुकसान भी बताये। इज्जतनगर थाना के इंस्पेक्टर गीतेश कपिल भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं को समझाकर शांत करवाया गया।
विरोध को संगठन भी जुटने लगे
संजय नगर व्यापार मंडल महानगर के अध्यक्ष केपी सिंह गंगवार ने मिनी बाईपास पर मॉडल शॉप और देशी शराब की दुकानें हैं। अगर इनको नहीं हटाया जाता है तो उसका विरोध किया जायेगा। लोगों का कहना है कि इन दुकानों के पास एक मंदिर भी है। इस बाबत जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित इंद्र देव ने बैठक करके शराब बंदी के लिये जागरुक करने के लिये की रणनीति बनाई। इस मौके पर उनकी महासभा के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
ईंट पजाया पर महिलाओं का हंगामा
ईंट पजाया चौराहा पर खुली शराब की दुकान में दो साल पहले आईस्क्रीम बिका करती थी। राज्य सरकार के शराब पर रूख साफ होने के बाद ईट पजाया के लोगों ने भी हंगामा किया। लोगों का पक्ष था कि रिहायशी इलाके में खुली इस दुकान में शराब नहीं बेची जा सकती है। शराब कारोबारी रसूख का फायदा उठाकर शराब बेच रहा है। दोपहर में महिलायें हाथ में झाड़ू लेकर शराब की दुकान पर पहुंची। लोगों ने दुकान का शटर बंद करवा दिया। बारादरी थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करवाया।
शराब की दुकानों के विरोध में नारेबाजी, प्रदर्शन
देवरनियां। थाना क्षेत्र के गांवों में सरकारी आदेशों को ताक पर रखकर देशी शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। मंगलवार को ग्रामीणों व स्कूल के बच्चों ने नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया।
शराब की दुकानों को हाईवे से हटाकर गांव कनमन व मुड़िया जागीर में आबादी, शिक्षण संस्थान व धार्मिक स्थल के बीचो बीच खोला है। कनमन गांव में इटौआ शरीफनगर रोड पर गांव के देवस्थान व विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर, एसआरएम पब्लिक स्कूल, पटेल सरस्वती शिशु मंदिर समेत तीन स्कूलों, एक धार्मिक स्थल व गांव की आबादी के बीचोबीच देशी शराब की दुकान खुलने से विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को शराब की दुकान स्कूल के बगल में खुलने पर विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए विरोध किया। वहीं, कनमन गांव में शराब की दुकान के विरोध में स्कूल संचालक जगदीश सरन, एसआरएम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मोहन गंगवार, पटेल शिशु मंदिर के हेमराज पटेल व प्रधान पति वेदप्रकाश गंगवार, व्यापार मंडल के नरेंद्र गुप्ता, समाजसेवी वेदप्रकाश गंगवार समेत दो दर्जन लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम बहेडी कुंवर पंकज से भी मिला। वहीं, इस बारे में प्रभारी निरीक्षक देवरनियां दिनेश गौड़ ने बताया कि अब तक यह मामला उनकी जानकारी में नहीं था। नियम विरुद्ध दुकानें खुली हैं तो उन्हें हटवाया जाएगा। वहीं, नगर पंचायत के गांव मुड़िया जागीर में लोगों ने बताया कि यहां भी धार्मिक स्थल व आबादी के बीच दुकानें खुलने से विरोध हो रहा है।