मंदिर में यज्ञ, महंत ने मिठाई बांटकर जताई खुशी
पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक होने की खबर आते ही पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी क्रम में बरेली स्थित श्री शिरडी साईं खाटू श्याम सर्वदेव मंदिर में विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद महंत पंडित सुशील पाठक ने मंदिर परिसर के गेट पर राहगीरों को मिठाई बांटकर खुशी साझा की। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया और सेना के साहस की सराहना की।
पंडित सुशील पाठक ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि यह एक संदेश है कि भारत अब किसी भी आतंकी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सेना की इस निर्णायक नीति ने देश को गौरव और आत्मविश्वास से भर दिया है। यह घटना दिखाती है कि जब बात बहन-बेटियों के सम्मान की हो, तो भारत चुप नहीं बैठता, बल्कि दुश्मनों को करारा जवाब देता है।
पीलीभीत में गूंज रहे भारत माता के जयकारे
पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक से पीलीभीत जिले में जश्न का माहौल है। शहर में हर ओर ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा है। सुबह से ही भारत माता के जयकारे गूंजने लगे। लोगों का कहना है कि भारत सरकार का यह कदम सराहनीय है। अब जरूरत है शेष आतंकी ठिकानों को जड़ से खत्म करने की। मुस्लिम लोगों ने भी भारत सरकार के इस कदम की सराहना की।
गृह मंत्रालय के दिशा निर्देश के बाद बुधवार को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर तैयारियां तेज है। दोपहर 12 बजे कोतवाली से फ्लैग मार्च निकालने के साथ ही ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में मॉक ड्रिल अभ्यास किया जाएगा। इसके बाद देर शाम पुलिस लाइन स्थित पांच मंजिला इमारत में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगा। इसको लेकर पुलिस की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई है।