कोहाड़ापीर रोड पर ड्रोन से निगरानी करते पुलिस वाले।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
भीड़ को नियंत्रित करना, मानक पालन कराना होगा मुश्किल काम
बरेली। व्यापारियों के दबाव में जिला प्रशासन ने पांचों दिन दोनों ओर का बाजार खोलने पर सहमति दे दी है। व्यापारियों ने नियम पालन करने का वादा किया है पर अधिकारी भी समझ रहे हैं कि यह संभव नहीं हो पाएगा। ऐसे में पुलिस की चुनौती बढ़ गई है।
एक साइड की बाजार खोलने पर ही पुलिस को रोस्टर, सामाजिक दूरी और मॉस्क लगवाने जैसे नियमों का पालन कराना मुश्किल हो रहा था। अब पूरा बाजार खोलने की घोषणा से सब हैरत में हैं। हालांकि नियमों व बंदिशों में बंधे अधिकारी दावा कर रहे हैं कि हर हालत में कोविड-19 की नियमावली का पालन कराया जाएगा। पुलिस अपनी ओर से भीड़ को नियंत्रित करने, मॉस्क लगवाने का पूरा प्रयास करेगी। एसएसपी ने सभी थानेदारों को बिना मॉस्क या दूसरे नियम तोड़ने वालों के अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सख्ती करेगी, जनता भी नियम अपनाए: एडीजी
दोनों ओर का बाजार खुलने पर पुलिस नियम पालन कराने को सख्ती करेगी। जनता और व्यापारियों को अपनी ओर से भी प्रयास करना चाहिए कि वह नियम तोड़ने से बाज आएं और कार्रवाई से बचें। सारी कवायद कोरोना वायरस का और ज्यादा प्रसार रोकने की है। पुलिसकर्मी अपनी जान पर खेलकर ड्यूटी कर रहे हैं, उनका सहयोग करना चाहिए। - अविनाश चंद्र, एडीजी
हर हालत में लागू कराएंगे नियम: एसएसपी
जिला प्रशासन के निर्णय को पुलिस पूरे मन से लागू कराएगी। चालान की संख्या बढ़ाई जाएगी। लोगों को जागरूक करने के लिए लाउडस्पीकर व अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। जनता को खुद कोरोना के खतरे के प्रति सजग रहकर बेहद जरूरत पर ही घर से निकलना चाहिए। जो लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की जाएंगी। - शैलेश पांडेय, एसएसपी