कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 जिलों के कोरोना वायरस हॉटस्पॉट को सील करने के आदेश दिए हैं। आदेश के अनुसार बरेली जिले के सुभाष नगर इलाके को भी सील किया जाएगा। यहां एक ही परिवार के छह सदस्यों को संक्रमित पाए जाने के बाद से खतरा बढ़ गया है।
हालांकि परिवार में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद 29 मार्च से ही यह पूरा इलाका सील है। डीएम नीतीश कुमार का कहना है कि सुभाष नगर इलाके में पूरी सख्ती के साथ लॉकडाउन लागू किया जाएगा, लेकिन जिले के अन्य हिस्सों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति यथावत रहेगी। उन इलाकों में कोई बदलाव नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पूरे जिले को सील करने की सूचना गलत है। प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी की वीडियो कांफ्रेंसिंग में इस स्थिति को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि आज प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी ने घोषणा की है कि जिन जिलों में कोरोना पॉजिटिव मामलों की अधिक संख्या है उन जिलों के हॉटस्पॉट इलाकों को बुधवार रात 12 बजे से पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।