रेलवे ने आनन-फानन में पीलीभीत से टनकपुर तक ट्रेनें चलने का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इस रूट पर गुरुवार से ट्रेनें दौड़नी शुरू हो जाएगीं, लेकिन बरेली वालों को टनकपुर के लिए लिंक करती हुई केवल एक ट्रेन मिलेगी। सुबह और शाम के वक्त बरेली से टनकपुर जाने वाले यात्रियों को फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। रेलवे ने टाइम टेबल के बदलाव से भी इंकार किया है।
अमान परिवर्तन के बाद बुधवार को टनकपुर स्टेशन से पीलीभीत के लिए स्पेशल ट्रेन चलाकर नए ब्राडगेज ट्रैैक का उद्घाटन किया गया। गुरुवार से इस रूट पर चार जोड़ी ट्रेनें पीलीभीत से टनकपुर के बीच दौड़ेंगी। नए टाइम टेबल में बरेली वालों को केवल एक ही ट्रेन का पीलीभीत से टनकपुर के लिए लिंक मिलेगा। इसके लिए भी यात्रियों को पीलीभीत स्टेशन पर डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ेगा, तब वे टनकपुर पहुंचेंगे। आमतौर पर बरेली सिटी से पीलीभीत जाने में एक घंटा लगता है। बरेली सिटी स्टेशन से सुबह 11:05 बजे वाली ट्रेन से यात्री टनकपुर पहुंच सकते हैं, वह भी एक घंटा पीलीभीत में रुकने के बाद। इसके अलावा सिटी स्टेशन से कोई भी ट्रेन ऐसी नहीं है जो पीलीभीत में टनकपुर जाने वाली ट्रेन से लिंक करा सके। यही स्थिति लौटने पर भी रहेगी।
बरेली सिटी से पीलीभीत
प्रस्थान आगमन
10.10 11.10
11.05 12.05
14.45 15.45
17.25 18.25
20.55 21.55
पीलीभीत से टनकपुर
प्रस्थान आगमन
7:25 9:05
10:10 11:55
13:55 15:35
17:15 18:55
अभी ट्रेनें पीलीभीत और टनकपुर के बीच चलाई गई हैं। यात्रियों के सुझाव के बाद समय में परिवर्तन किया जा सकेगा। फिलहाल अभी टाइम नहीं बदला जाएगा। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर डिवीजन