बरेली। रोडवेज में संविदा पर भर्ती के लिए लगाए गए रोजगार भर्ती मेला का मंगलवार को समापन हो गया। दो दिन में 102 चालक ही प्रथम टेस्ट पास कर चुके हैं। दूसरा टेस्ट कानपुर या फिर दिल्ली में कराया जाएगा। इसमें भी अगर यह पास हो जाते हैं तो इनको संविदा पर नियुक्ति दी जाएगी।
बरेली परिक्षेत्र चालकों की कमी से जूझ रहा है। संविदा पर 200 चालकों की भर्ती के लिए छह माह से प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद भी चालक न मिलने पर सोमवार और मंगलवार को रीजनल वर्कशॉप में रोजगार भर्ती मेला का आयोजन किया गया। पहले दिन 148 और दूसरे दिन 55 अभ्यार्थियों के आवेदन स्वीकार करने के बाद इनका टेस्ट लिया गया। इनमें 102 टेस्ट में पास हो गए। अब भी संविदा चालकों के 98 पद रिक्त रह गए हैं। दरअसल, संविदा चालक का वेतन कम है। उसको प्रति किलोमीटर बस चलाने पर 1.89 रुपये का भुगतान किया जाएगा। कोई चालक अगर 22 दिन में पांच हजार किलो मीटर बस चलाता है तो उसे तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हालांकि, उनको यात्रा पास और दुर्घटना बीमा समेत अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी।
चालक पद पर भर्ती होने आए पीलीभीत के ब्रजेश ने बताया कि वह टेस्ट में तो पास हो गए हैं, लेकिन नौकरी ज्यादा दिन नहीं करेंगे। काम और खतरा ज्यादा है। उसके हिसाब से वेतन नहीं दिया जा रहा। बदायूं के राम निवास ने बताया कि वह पहले भी संविदा चालक पद पर नौकरी कर चुके हैं। नौकरी छोड़ दी थी। काफी समय से काम नहीं मिला जो एक बार फिर से भर्ती के लिए आए हैं।
-
फोटो-
इंटरमीडिएट पास करने के बाद ड्राइविंग सीख ली थी। अभी निजी गाड़ियां चलाता हूं। रोडवेज में संविदा चालक पद पर भर्ती के लिए आया हूं। यहां वेतन काफी कम है और काम ज्यादा है। नौकरी भले संविदा की है, लेकिन सरकार से जुड़ी है। इस वजह से आवेदन किया है। - रामेश्वर, आवेदक
फोटो-
चार-पांच साल से निजी वाहन चला रहा हूं। कोई नियमित नौकरी नहीं है। रोडवेज में संविदा पर नियमित काम रहेगा। वेतन भले कम है, लेकिन रोजगार का एक साधन मिल जाएगा। टेस्ट दे दिया है। अब शुक्रवार को बुलाया गया है। यह बात सही है कि वेतन और सुविधाएं कम हैं। -अयूब, आवेदक