बरेली। डी फार्मा में प्रवेश दिलाने के नाम पर एक शातिर ने एक लाख रुपये की ठगी कर ली। इसके बाद न तो प्रवेश दिलाया और न ही रुपये लौटाए। आरोपी अपने कार्यालय में ताला डालकर भाग गया। कोर्ट के आदेश पर इज्जतनगर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शेरगढ़ के मोहल्ला गढ़ी निवासी जयराय ने रिपोर्ट में दर्ज कराया है कि उनके व्हाट्सएप पर शैक्षिक पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने के संदेश आए थे। इसके बाद फोन पर हरिशंकर नाम के युवक से बातचीत हुई। हरिशंकर ने बताया कि वह विभिन्न शैक्षिक पाठ्यक्रम में प्रवेश और पंजीकरण कराने का काम करता है। इसके बाद जयराय अपने पिता व एक परिचित के साथ बीडीए कॉलोनी मठलक्ष्मीपुर इज्जतनगर स्थित हरिशंकर के कार्यालय गए।
जयराय के मुताबिक हरिशंकर के कार्यालय पर कई अन्य छात्र भी उस वक्त मौजूद थे। हरिशंकर ने डी फार्मा में प्रवेश दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जयराय ने कई बार में एक लाख रुपये हरिशंकर को ट्रांसफर कर दिए। रुपये लेने के बाद हरिशंकर टालमटोल करने लगा। जब वह हरिशंकर के कार्यालय गए तो वहां ताला लगा था। हरिशंकर ने एक लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। न्यायालय के आदेश पर इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि पुलिस आरोपों की जांच करेगी, पुष्टि हुई तो उसी के मुताबिक चार्जशीट कर रही है।