बरेली। बिहार के जिला किशनगंज के थाना पाठामारी ठाकुरगंज के गांव बाखोटोली निवासी मौलाना तौसीफ रजा की हत्या के मामले में जीआरपी ने मुरादाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड में तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। जीआरपी सोमवार को प्रकरण का खुलासा करेगी।
मौलाना तौसीफ रजा का शव 27 अप्रैल को सुबह सात बजे कैंट थाना क्षेत्र में पालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पर मिला था। वह उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शामिल होकर 04314 योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन से किशनगंज लौट रहे थे। मौलाना के पास जनरल टिकट था, लेकिन वह स्लीपर श्रेणी के कोच में यात्रा कर रहे थे। चार मई को उनकी पत्नी तबस्सुम ने बरेली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तबस्सुम ने दावा किया कि उनके पति को ट्रेन में पीटने के बाद बाहर फेंक दिया गया। घटना से पहले मौलाना ने उनको कॉल कर बताया था कि ट्रेन में कुछ लोग उनसे झगड़ रहे हैं।
जांच के दौरान जीआरपी ने ट्रेन के कोच संख्या आठ, नौ और 10 के 200 से ज्यादा यात्रियों से पूछताछ की। जंक्शन से सीसी फुटेज खंगाले। इसके बाद शनिवार को मुरादाबाद से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जीआरपी का दावा है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने झगड़े के बाद मौलाना को ट्रेन से धक्का देने की बात स्वीकार की है।