बरेली। शहर में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। 24 घंटे में 12.3 मिलीमीटर बारिश से तापमान में गिरावट आई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। न्यूनतम पारा सामान्य से 1.6 डिग्री कम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने सितंबर की शुरुआत में बारिश का दौर तेज होने का अनुमान जताया है। दो और तीन सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार सुबह बादल मंडराए पर दस बजे के बाद आसमान साफ हो गया और धूप निकली। उमस भी हावी रही। विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, दो दिन तक उच्च वायुदाब की वजह से बारिश के अनुकूल माहौल बनने के आसार नहीं हैं। विक्षोभ प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र से बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। इससे मानसूनी सक्रियता भी कम हो गई है। तीन दिन बाद बारिश का नया दौर शुरू होगा।
अतुल ने बताया कि 31 अगस्त की शाम से मौसम में बदलाव के आसार हैं। बादलों मंडराने और गरज-चमक के साथ देर रात बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। अनुकूल माहौल बनने पर 29, 30 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, बूंदाबांदी होने का भी अनुमान है।
बारिश के दौरान सावधानी जरूरी
अतुल ने बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों पर बेवजह आवाजाही से बचने, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अंकित मौर्य के मुताबिक, बारिश में बच्चों का खास ध्यान रखना चाहिए। ज्यादा भीगने पर बुखार, सर्दी-जुकाम की दिक्कत हो सकती है। बिना परामर्श दवा लेने से बचें।