बरेली में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी कन्हैया गुलाटी पर अब शाहजहांपुर के निवेशकों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि गुलाटी की कंपनी कैनविज ने बंडा कस्बे में ट्रेडिंग में निवेश कराने के बहाने पांच करोड़ रुपये की ठगी की थी।
बरेली के जिलावासियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले कैनविज कंपनी के कन्हैया लाल गुलाटी के गिरोह पर धड़ाधड़ रिपोर्ट दर्ज हो रही हैं। अब शाहजहांपुर के निवेशक भी रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर इन लोगों की पहली रिपोर्ट बारादरी थाने में दर्ज की गई है।
विज्ञापन
शाहजहांपुर में भी गुलाटी गिरोह ने बड़े पैमाने पर लोगों से ठगी की है। शाहजहांपुर के बंडा निवासी विमलेश और वीरेंद्र प्रताप ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि कन्हैया गुलाटी की कंपनी कैनविज ने बंडा कस्बे में ट्रेडिंग में निवेश कराने के बहाने पांच करोड़ रुपये की ठगी की थी। कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका गुलाटी, मां मधु गुलाटी, पुत्र गोपाल गुलाटी और साले आशीष महाजन ने केएम एसोसिएट में रुपये निवेश कराए और बड़ी रकम जुटाने के बाद गुमराह करने लगे।
रकम दोगुनी करने का दिया था झांसा
आरोप है कि इन लोगों ने निवेशकों को झूठे सपने दिखाए। कंपनी के चेक देकर विश्वास हासिल किया। लोगों को ठगने के लिए पीलीभीत बाइपास पर कैनविज मनी एसोसिएट्स का दफ्तर बनाया। ट्रेडिंग में निवेश कराने के नाम पर रकम ऐंठ ली। निवेश करने पर पांच प्रतिशत टीडीएस काटकर मुनाफा देने का वादा किया। 22 माह में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया।
गुलाटी परिवार ने बरेली मंडल के सभी जिलों में घूमकर इस स्कीम के बारे में प्रचार प्रसार किया, जिससे बहुत लोग ठगी के शिकार हुए। अब निवेशक आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।